राम मंदिर पर खालिस्तानियों की बुरी नजर; पन्नू की धमकी, हिंदुत्ववादी विचारधारा की नींव हिला देंगे
आतंकी पन्नू की धमकी, हिंदुत्ववादी विचारधारा की नींव हिला देंगे
खालिस्तानी आतंकवादी और सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अब अयोध्या राम मंदिर को निशाना बनाने की धमकी दे दी है। इसके अलावा उसने कनाडा में ही दो और मंदिरों का भी जिक्र किया है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार को धमकी दी है। वीडियो में पन्नू ने अयोध्या को हिंसक हिन्दुत्व विचारधारा की जन्मस्थली करार दिया है। वीडियो में खालिस्तान समर्थक को कहते हुए सुना जा सकता है कि कनाडा अयोध्या नहीं है। आरएसएस, बजरंग दल, भाजपा के लोगों ने कनाडा में गुरुद्वारा साहब पर हमलों की कोशिश की है।
अब हम आपकी अयोध्या की बुनियाद हिलाने जा रहे हैं। वीडियो में पन्नू ने हिंदू सभा मंदिर के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को भी धमकी दी है। उसने कहा कि घर में घुसकर मारेंगे का नारा लगा रहे और खालिस्तान समर्थक रैली पर हमला करने वाले हिंदू सभा मंदिर के समर्थको, तुम सब 1984 डेथ स्क्वॉड की संतान हो, जिसने सिख नरसंहार किया। पन्नू ने आगे कहा कि अगर हमने किसी भी कनाडाई-भारतीयों को भारतीय तिरंगा लहराते हुए देखा तो आपको सिखों और कनाडा का दुश्मन मान लिया जाएगा। याद रहे कि युद्ध खालिस्तान समर्थक और भारत सरकार के बीच है। भारतीय-कनाडाई दूर रहें और सुरक्षित रहें।
