Tribal

ललित ठाकुर ने कुगती पंचायत की समस्याओं को लेकर उपायुक्त चम्बा को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

भरमौर- पांगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुगती पंचायत के ग्रामीणों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला परिषद सदस्य ललित ठाकुर ने आवाज बुलंद की है। ललित ठाकुर ने सोमवार को उपायुक्त चम्बा डीसी राणा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र निदान सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। ज्ञापन से अवगत करवाते हुए ललित ठाकुर ने कहा कि वन मंडल भरमौर द्वारा कुगती नाले के ऊपर बनाई गई पैदल चलने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया था, जिसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पुलिया की हालत इतनी खस्ता है कि किसी भी समय कोई अप्रिय घटना घट सकती है। लेकिन वन विभाग की चिरनिद्रा भंग नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त कुगती पंचायत में जियो कंपनी द्वारा मोबाइल टावर तो लगाया गया है लेकिन उस के माध्यम से लोग केवल रात के समय ही बात कर सकते हैं। दिन के समय यह टावर शोपीस बनकर रह जाता है। इस दौरान उन्होंने एसआरएल लिमिटेड कंपनी द्वारा लोगों का शोषण किए जाने की बात को भी उजागर किया।