जगत गांव के पास डंगा धंस जाने के कारण टिपर दुर्घटनाग्रस्त एक गम्भीर रूप से घायल
मंगलवार सुबह रूणूहकोठी सड़क मार्ग पर जगत गांव के पास टिप्पर नंबर एचपी 73-7212 बजरी लेकर जगत गांव की ओर जा रहा था। इस दौरान गांव के नजदीक अचानक सड़क का डंगा भरभरा कर गिर गया। जिसके चलते टिप्पर सड़क से नीचे की ओर स्थानीय ग्रामीण के रसोउघर के उपर से लुढ़कता हुआ नीचे जा पहुंचा। परिणामस्वरूप टिप्पर चालक मग्गर सिंह पुत्र जुल्फी राम निवासी चुवाड़ी और विनोद कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी लेच( गैहरा ) घायल हुए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने स्थानीय अस्पताल भेजा। हादसे में टिप्पर चालक मग्गर सिंह को गंभीर रूप से चोंटे आई है। जिसे उपचार हेतू चंबा मेडिकल कालेज रैफर कर दिया है। जबकि अन्य घायल की हालत खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त हादसा हुआ , उस दौरान किचन के भीतर व आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बहरहाल सूचना मिलते ही पुलिस थाना भरमौर की टीम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
