भरमौर में जांचा गया करीब चार दर्जन भूतपूर्व सैनिकों का स्वास्थय
जनजातीय उपमंडल मुख्यालय भरमौर में पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के तहत मेडिकल कैंप का आयोजन मंगलवार को किया गया। इससे क्षेत्र के सैकड़ों भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों को राहत मिली है।
सेना के डलहौजी स्थित मुख्यालय के सौजन्य से यह एक दिवसीय मेडिकल कैंप लगाया गया। कर्नल रोहित शर्मा की अगुवाई में आयोजित इस कैंप में डॉक्टर युक्तिधर शर्मा ने करीब 40 भूतपूर्व सैनिकों का स्वास्थ्य जांचा। इस मौके पर भूतपूर्व सैनिकों को निशुल्क दवाइयों के अलावा ईसीएचएस कार्ड भी जारी किए गए। बताते चलें कि डलहौजी स्थित सेना मुख्यालय के कर्नल रोहित शर्मा के प्रयासों से यहां कैंप लगने से भूतपूर्व सैनिकों को राहत मिली है।
कर्नल शर्मा ने बताया कि उनका प्रयास है कि यहां समय समय पर मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाए ताकि भूतपूर्व सैन्य परिवारों को दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों को मेडिकल सुविधा के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है, जिससे बुजुर्ग लोगों को काफी दिक्कत पेश आती है। इस मौके पर डलहौजी से पहुंची मेडिकल टीम में नर्सिंग असिस्टेंट एक्स सूबेदार जितेंद्र सिंह, लैब टेक्नीशियन जोगिंद्र शर्मा, एक्स हवलदार रविकांत मौजूद रहे। कर्नल रोहित शर्मा ने बताया कि इससे पहले गत साल नवंबर माह में भरमौर में शिविर लगा था। वहीं भरमौर में उस समय काफी सर्दी होने के कारण लोगों का कहना था कि यह कैंप गर्मियों में लगाया जाए। इसी बात को देखते हुए अब यहां कैंप लगाया गया है जिसमे 45 भूतपूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों का स्वास्थ्य जांचा गया।
