निजी कम्पनी की मनमानी सरिया अनलोड करने के लिए बन्द कर दिया मुख्य सड़क मार्ग
डल्ली के पास पावर सब स्टेशन का निर्माण कर रही कंपनी की मनमानी से होली रोड़ पर करीब एक घंटे तक जाम लग गया। जिसके चलते वाहन चालकों समेत यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा। लिहाजा इस दौरान वाहन चालकों ने जब कंपनी के अधिकारियों से बात की, तो वह धौंस दिखाते नजर आए।
दर असल कंपनी द्धारा डल्ली के पास सरिए से भरा ट्राले को सड़क के बीचोबीच खड़ा कर मशीन से अनलोड़ करने शुरू कर दिया। जिसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। इसी बीच क्षेत्र में जोरदार बारिश भी आरंभ हो गई। नतीजतन दोपहिया वाहनों में सवार बीच सड़क भीगते रहे। बार बार आग्रह करने के बाद जब कंपनी ने ट्राला बीच सड़क से नहीं हटाया, तो वाहन चालकों समेत यात्री गुस्से में आ गए। इस दौरान यात्रियों व वाहन चालकों की कंपनी के मौके पर मौजूद अधिकारियों से खूब नोकझोंक हुई। लिहाजा कंपनी के अधिकारी बाधित यातायात को बहाल करने में सहयोग के बजाय धौंस दिखाते रहे। बहरहाल बुधवार देर शाम घटे इस घटनाक्रम के कारण आक्रोशित वाहन चालकों व यात्रियों ने कंपनी के खिलाफ लोगों के आवागमन में बाधा डालने का केस दर्ज करने की मांग प्रशासन से की है।
