Himachal Pradesh

काम रोको प्रस्ताव पर गहमागहमी, क्या बोले मंत्री राजेश धर्माणी, जानिए इस खबर में

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विपक्षी दल भाजपा द्वारा लाए गए काम रोको प्रस्ताव पर जारी चर्चा के दूसरे दिन गुरुवार को भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर और सुधीर शर्मा ने सुक्खू सरकार की जोरदार घेराबंदी की। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए। दूसरी ओर सत्तापक्ष के विधायक चंद्रशेखर द्वारा पूर्व भाजपा सरकार के समय भर्तियों में खुल्लम-खुल्ला भ्रष्टाचार के आरोपों पर सदन में माहौल गरमा गया। भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ने काम रोको प्रस्ताव पर दूसरे दिन चर्चा आरंभ करते हुए ऊना जिले के पेखुबेला में 32 मेगावाट के सोलर प्रोजेक्ट की स्थापना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतनी ही क्षमता का सोलर पावर प्लांट गुजरात में महज 144 करोड़ रुपए में स्थापित किया गया, जबकि पेखुबेला में सरकार ने 220 करोड़ रुपए खर्च कर डाले। उन्होंने इस सोलर पावर प्लांट के निर्माण में लगे ठेकेदार को अनुचित तरीके से लाभ पहुंचाने का आरोप भी लगाया तथा कहा कि इस प्रोजेक्ट में बाढ़ निकासी सिस्टम, ट्रैकर और स्प्रिंकल सिस्टम बैटरी स्टोरेज सिस्टम जैसी कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रष्टाचार से हिमाचल ग्रीन एनर्जी स्टेट नहीं बन सकता।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने विनिवेश को बढ़ावा का समर्थन किया और कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार में तो इस संबंध में बाकायदा एक मंत्रालय तक खोल दिया गया था। उन्होंने सरकारी विभागों में अनावश्यक खरीद करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने और फ्यूल वुड के नाम पर लकड़ी काटने पर रोक लगाने की भी बात कही।