दिल्ली हाट में सजे हिमाचली उत्पाद, राजस्व मंत्री नेगी ने हिम महोत्सव का किया शुभारंभ किया
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने गत गुरुवार देर शाम नई दिल्ली के दिल्ली हाट में हिम महोत्सव का शुभारंभ किया, जिसका आयोजन हिमाचल सरकार द्वारा एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से किया गया है। यह महोत्सव पहली से 15 जनवरी तक नई दिल्ली के दिल्ली हाट में आयोजित किया जा रहा है, जहां कारीगरों द्वारा हिमाचली हस्तशिल्प और बुनकर उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए 60 स्टाल लगाए गए हैं। हिमाचली धाम और हिमाचली सांस्कृतिक कार्यक्रम महोत्सव का विशेष आकर्षण होंगे।
पर्यटन विभाग, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग और हिमाचल प्रदेश राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम लिमिटेड संयुक्त तौर पर इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। इस मौके पर राजस्व मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का अन्य राज्यों और शहरों में भी आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और यहां के उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बने उत्पाद वैश्विक तौर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। राजस्व मंत्री ने स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम लिमिटेड के प्रयासों की सराहना की।
