Himachal Pradesh

सरकार से होगी जलाने वाली लकड़ी पर बात, हमीरपुर, कांगड़ा, ऊना और चंबा के लोगों को प्रतिभा सिंह का आश्वासन

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

हमीरपुर, कांगड़ा, ऊना और चंबा के लोगों को प्रतिभा सिंह का आश्वासन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया है अपनी मलकियत से जलाने की लकड़ी काटने और इसे बाहर भेजने के अधिकार को बहाल करने के बारे में प्रदेश सरकार से वह बात करेंगी। प्रतिभा सिंह बुधवार को हमीरपुर, कांगड़ा, ऊना और चंबा जिला के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर रहीं थीं। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्षों से उन्हें यह अधिकार सरकार ने दिया था कि वह अपनी मलकियत से फ्यूल वुड काट कर, सरकार को टैक्स जमा करवा कर इसे बाहर बेचें। इससे उनके परिवार का लालन पालन होता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर इसके बाहर भेजने पर तुरंत प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिबंध से उनकी आर्थिक स्थिति पर जहां एक ओर विपरीत असर पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार के खजाने को भी भारी नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि वह उस लकड़ी को अपनी मलकियत से काटते हंै, जो केवल जलाने के काम ही आती है। यह कोई इमारती लकड़ी नहीं है। वह जितने पेड़ काटते हैं, उससे अधिक लगाते भी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परमिट जारी करने का अधिकार पहले वन परिक्षेत्र अधिकारी, रेंज ऑफिसर को ही हुआ करता था, जो अब वन मंडल अधिकारी को दिया गया है। यह भी रेंज ऑफिसर को ही होना चाहिए। मंडल कार्यालय उनके गांव से बहुत दूर है और किसान को इतनी दूर जाने में कई बार मुश्किल का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने वन कटान पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद कटान से जुड़े लोगों पर इस फैसले का असर पड़ रहा है।