बर्फबारी से 2001 ट्रांसफार्मर, 551 सडक़ें ठप
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से बिजली बोर्ड-लोक निर्माण विभाग को करोड़ों का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बारिश और बर्फबारी ने बिजली बोर्ड के ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। अमूमन इस तरह का नुकसान बरसात के दिनों में होता था, लेकिन इस बार फरवरी या मार्च महीने में ऐसा नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी कठिन क्षेत्रों में बड़ी परेशानियों के बीच कड़ी मशक्कत करके बिजली की आपूर्ति को बहाल करने में जुटे हैं। लगातार कोशिशें की जा रही हैं, ताकि आपूर्ति को बहाल किया जा सके। शनिवार तक हिमाचल प्रदेश में 2001 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए थे, जिनको सुचारू करने का काम रविवार को भी जारी रहा। राज्य में बिजली बोर्ड को इस बारिश व बर्फबारी के कारण से लगभग 30 करोड़ रुपए तक का नुकसान हो चुका है। चंबा जिला में 154 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं, जिसमें तिस्सा में 25, सलूणी में 11, पांगी में 76, भटियात में तीन, भरमौर में चार, डलहौजी में 12 व चंबा में 23 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं।
किन्नौर जिला में 373 ट्रांसफार्मर बंद बताए जा रहे हैं , जिनमें कल्पा में 147, निचार में 117 व पूह में 109 बाधित हैं। वहीं, सबसे अधिक बिजली ट्रांसफार्मर कुल्लू जिला में बंद है। मनाली में 729, कुल्लू में 169, थलौट में 14 व आनी में 28 ट्रांसफार्मर बंद हैं। जनजातीय क्षेत्र लाहुल-स्पीति भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है, जहां पर अच्छी खासी बर्फबारी हुई है। यहां के सभी मार्ग बंद पड़े हैं। लाहुल-स्पीति में बिजली के 341 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। यहां लाहुल में 121, स्पीति में 139 व उदयपुर में 81 संख्या है। मंंडी जिला में 135, शिमला जिला में 48 व सोलन में 10 ट्रांसफार्मर बंद होने की सूचना है। इनकी कुल संख्या 2001 बनती है
