Himachal Pradesh

अब डिपुओं में जरूरत के हिसाब से सरसों तेल देगी प्रदेश सरकार, जानिए कैसे

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

शादी या अन्य समारोह के लिए कार्ड दिखाने पर डिपो में मिलेगी सुविधा
हिमाचल के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत देने का प्लान बनाया है। अब राशनकार्ड धारक अपनी जरूरत के हिसाब से डिपुओं में सस्ता सरसों का तेल ले सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को किसी शादी या अन्य समारोह से संबंधित दस्तावेज यानी कार्ड आदि डिपो होल्डर को दिखाना होगा। बता दें कि राशन डिपो में बाजार से कम रेट पर राशन मिलता है। उसी तरह खाद्य तेल भी बाजार से कम दामों पर मुहैया करवाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस बारे में जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रदेश सरकार अभी तक एक राशन कार्ड पर अधिकतम दो लीटर सरसों तेल दे रही है, लेकिन अब सरकार ने इन आदेशों में राहत दी है। यानि अब उपभोक्ता डिपुओं में जाकर जरूरत के मुताबिक सरसों तेल खरीद सकते हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक पुरुषोतम सिंह का कहना है कि लोग अब घर में किसी समारोह के लिए अपनी जरूरत के हिसाब से सरसों का तेल राशन डिपो से ले सकते हैं। बाजार से सस्ते रेट पर सरसों का तेल मिलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
प्रदेश में इतने राशनकार्ड
प्रदेश में कुल राशनकार्ड धारकों की संख्या 19,65,589 हैं, जो 4500 से अधिक डिपुओं के माध्यम से सस्ते राशन की सुविधा का लाभ उठा रहे है। यहां उपभोक्ताओं को आटा, चावल, तेल, तीन अलग-अलग किस्म की दालें, सरसों तेल और नमक सस्ते रेट पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, लेकिन अब सरकार ने लोगों को डिपुओं से सरसों का तेल जरूरत के हिसाब से उठाने की सुविधा दी है।