Himachal Pradesh

ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार कर रही सरकार

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

सीएम बोले, सरकार ने दो साल में 21 रुपए प्रति लीटर बढ़ाया दूध का खरीद मूल्य

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है, जिसमें मिल्कफेड महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले दो वर्ष के दौरान दूध के खरीद मूल्य में 21 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। बता दें कि प्रदेश के कुल्लू जिला के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को ओक ओवर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने बुद्धि सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड का अध्यक्ष नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती से पैदा गेहूं और मक्की की खरीद का सबसे अधिक समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। प्रदेश में गेहूं के लिए 60 रुपए प्रति किलोग्राम और मक्की के लिए 40 रुपए प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। राज्य में हल्दी भी 90 रुपए प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना’ के तहत विधवाओं के 27 वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क उच्च शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा विधवाओं और एकल महिलाओं को घर बनाने के लिए तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, हिंदुजा समूह के उपाध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

सीएम का आनी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने का वादा

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से आनी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने का वादा किया।इस दौरान विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान उनके नेतृत्व क्षमता को याद किया। मिल्कफेड के नवनियुक्त अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने इस महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले 45 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और उनकी नियुक्ति से मुख्यमंत्री ने आनी विधानसभा क्षेत्र और पूरे कुल्लू जिला को सम्मान प्रदान किया है।