ऊन बेचने को मिलेंगे बेहतर मार्केटिंग प्लेटफार्म
वूल फेडरेशन अध्यक्ष मनोज कुमार बोले, भेड़पालकों की समस्याओं का तुरंत होगा हल
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
भेड़पालकों की समस्याओं का त्वरित निदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और भेड़पालकों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। यह बात गुरुवार को वूल फेडरेशन अध्यक्ष मनोज कुमार ने ऊन श्रेणीकरण एवं विपणन केंद्र बनूरी, पालमपुर के पहले दौरे के दौरान भेड़पालकों से मुलाकात करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भेड़ पालन व्यवसाय को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने विभाग को ऊन बिक्री के लिए बेहतर मार्केटिंग प्लेटफार्म उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि ऊन उत्पादन को अधिक बढ़ाने के लिए हमें पहले भेड़ पालन व्यवसाय को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने भेड़ पालन व्यवसाय में आ रही चुनौतियों जैसे कि चारागाह, दवाइयों की कमी, प्राकृतिक आपदाएं और भेड़ों की सुरक्षा इत्यादि को दूर करने के लिए हम सभी को साथ मिलकर कार्य करने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने वूल फेडरेशन के अधिकारियों को विषैली घास से भेड़ों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। इससे पहले हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के निदेशक मंडल के सदस्य त्रिलोक चंद सहित समर्थकों ने वूल फेडरेशन अध्यक्ष का पालमपुर में पधारने पर स्वागत किया। इस अवसर पर वूल फेडरेशन अध्यक्ष की धर्मपत्नी, वूल फेडरेशन के निदेशक मंडल के सदस्य राजेश कपूर, नगर निगम उपमहापौर राज कुमार, पार्षद पूनम बाली, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. मोहिंद्र शामा, वूल फेडरेशन उपमहाप्रबंधक पालमपुर दीपक सैनी, हिमाचल प्रदेश घुमंतू पशुपालक महासंघ के अध्यक्ष राजकुमार भट्ट, गुरमुख सिंह सहित भेड़पालक मौजूद रहे।
