बिजली परियोजनाएं बांटने पर नए सिरे से फैसला लेगी हिमाचल सरकार
ऊर्जा निदेशालय के अधिकारियों ने सरकार को बताई स्थिति
हिमाचल में बिजली परियोजनाओं को निजी कंपनियों को आबंटित करने की योजना को सिरे चढ़ाने के लिए सरकार नए सिरे से फैसला लेगी। अभी भी सरकार के पास 20 परियोजनाएं शेष बची हैं, जिनमें से केवल एक प्रोजेक्ट के लिए ही कंपनी आगे आई है। बताया जा रहा है कि मियाड प्रोजेक्ट के लिए एक कंपनी ने आवेदन किया है, जिस पर सरकार को निर्णय लेना है। सरकार चाहेगी, तो इस कंपनी को परियोजना दी जा सकती है, लेकिन अब सभी परियोजनाओं के लिए सरकार को नए सिरे से निर्णय लेना होगा। ऊर्जा निदेशालय के अधिकारियों ने इस संबंध में वर्तमान स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह बैठक में इस पर चर्चा करेंगे और जो परिवर्तन करने की जरूरत होंगी, उनके बारे में बात की जाएगी। बता दें कि एक तरफ मामला बड़े प्रोजेक्टों को बेचने का है, तो दूसरी तरफ मामला छोटी परियोजनाओं को रियायत देने का था, जो अधर में लटकी हुई हैं। इसके लिए सरकार ने कैबिनेट सब-कमेटी का गठन किया था, जिसकी सिफारिशें आ चुकी हैं, परंतु अभी इस पर सरकार ने निर्णय नहीं लिया है। इन दोनों मामलों को गंभीरता के साथ निपटाना होगा, तभी यहां पर ऊर्जा क्षेत्र का दोहन किया जा सकता है, जो लटक गया है।
वर्तमान सरकार ने जो निर्णय पिछले दिनों में लिया था, उसमें केवल दो परियोजनाएं देने में सफलता मिली है और वह भी वर्तमान सरकार की नई सोच थी। तेलंगाना के साथ दो परियोजनाओं पर करार हुए हैं, लेकिन दूसरे ऐसे प्रोजेक्ट, जो निजी कंपनियों को देने थे, वे बिक नहीं पाए हैं। अब इन पर सरकार को नए सिरे से फैसला लेना है।
