Himachal Pradesh

हार-जीत से भी सबक सीखें छात्र, ‘अभ्युदय 2025’ कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम की सीख

Spread the love

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय विधिक अध्ययन संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम अभ्युदय 2025 का समापन शुक्रवार को हुआ। समापन समारोह में प्रदेश उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हार-जीत किसी भी प्रतियोगिता का अभिन्न अंग है, लेकिन हम अपनी हार-जीत से क्या सीख लेते हैं, यह महत्त्वपूर्ण बात है। इससे पूर्व आयोजित स्टार नाइट के मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित किया। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम ‘अभ्युदय 2025’ में भांगड़ा और वेस्टर्न डांस प्रतियोगिता में एनएलयू शिमला प्रथम और यूआईएलएस दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, एकल गायन में एनएलयू की न्यायिक कश्यप प्रथम और शगुन द्वितीय स्थान पर रही। साथ ही एकल नृत्य का खिताब यूआईलएस के अभिमन्यु और द्वितीय पुरस्कार फाइन आर्ट कॉलेज शिमला के निखिल ने अपने नाम किया। मेहंदी प्रतियोगिता में यूआईएलएस की सुकृति ने पहला स्थान हासिल किया, दूसरा स्थान सेंट बीड्स की सुहानी नेगी ने हासिल किया। शतरंज में एनएलयू शिमला के अनुभव शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया और एचपीयू के विधि विभाग के अभिनव शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। ड्यूट डांस में यूआईएलएस प्रथम और फाईन आर्ट कॉलेज द्वितीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के दौरान ही संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘दक्ष-2025’ के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।