राज्य सहकारी बैंक में बड़ा साइबर फ्रॉड, चंबा के ग्राहक के बैंक खाते से 11.55 करोड़ की संदिग्ध निकासी से हडक़ंप
चंबा के ग्राहक के बैंक खाते से 11.55 करोड़ की संदिग्ध निकासी से हडक़ंप
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की एक शाखा से करोड़ों रुपए की संदिग्ध ऑनलाइन निकासी का मामला सामने आया है। चंबा जिला की हटली शाखा में एक खाताधारक के खाते से मात्र दो दिन में कुल 11.55 करोड़ रुपए का लेन-देन किया गया। इसकी जानकारी बैंक की ओर से शिमला पुलिस को दी गई है। बैंक ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सदर पुलिस थाना शिमला में पुलिस ने जीरो एफआईआर तहत केस दर्ज कर जांच के लिए मामला स्टेट सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला को भेज दिया है। पुलिस को दी शिकायत में बैंक के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी ने सदर पुलिस थाना शिमला शिकायत दर्ज करवाई है।
बैंक के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के अनुसार यह संदिग्ध लेन-देन 11 मई, 2025 और 12 मई, 2025 को हुआ। खास बात यह है कि ये दोनों दिन बैंकिंग छुट्टियों के दिन थे। इसके बावजूद इतनी बड़ी रकम आरटीजीएस और एनईएफटी माध्यम से स्थानांतरित की गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मामले को जीरो एफआईआर के तौर पर स्वीकार किया और साइबर अपराध की श्रेणी में आने के कारण इसे आगे की जांच के लिए स्टेट सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला को स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस कर रही छानबीन
एएसपी शिमला नवदीप सिंह का कहना है कि बैंक खाते से हुए इस भारी भरकम ट्रांजेक्शन को संदेहास्पद मानते हुए जांच प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। बैंक की तरफ से उपलब्ध करवाई गई प्रारंभिक जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर जांच के लिए स्टेट सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला को भेजा गया है
