चिट्टे की खरीद-फरोख्त पर छह गिरफ्तार, हमीरपुर के प्रतापनगर में पकड़ा था 25.26 ग्राम चिट्टा, कैप्सूल
चिट्टे की खरीद-फरोख्त में संलिप्त छह व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक पुराने मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ के बाद इनकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले प्रतापनगर में 25.26 ग्राम चिट्टे तथा 67.90 ग्राम संदिग्ध कैप्सूल व 15500 की नकदी पकड़े जाने के मामले की जांच के बाद छह और लोगों की गिरफ्तारी हुई है। नशे के साथ पूर्व में पकड़े गए तीन आरोपियों को न्यायिक हिरास्त से निकालकर फिर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल को हमीरपुर पुलिस की एक टीम ने प्रतापनगर में एक घर से 25.26 ग्राम चिट्टा, 67.90 ग्राम संदिग्ध कैप्सूल तथा 15500 नकदी बरामद की थी। आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आने के बाद गिरफ्तारियां हुई।
अब पुलिस ने बैडवर्ड लिंकेज के आधार पर छह और लोगों की गिरफ्तारियां की हैं। इनमें अंकुर ठाकुर निवासी गांव रोहलवीं डाकघर ठठवाणी तहसील व जिला हमीरपुर, राजेंद्र शर्मा गांव रुढान डाकघर बलोह तहसील भोरंज जिला हमीरपुर, शुभम शर्मा निवासी गांव गुदवीं डाकघर बोहणी तहसील व जिला हमीरपुर, रमन जसवाल निवासी गांव व डाकघर बलोह तहसील व जिला हमीरपुर, संजय कुमार निवासी जाहू तहसील भोरंज जिला हमीरपुर, रजनीश ठाकुर निवासी गांव व डाकघर बलोह तहसील व जिला हमीरपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पहले से ही न्यायिक हिरास्त में चल रहे तीन आरोपियों को फिर से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
