चंबा मेडिकल कालेज में चोरी
तीमारदार के बैग से नकदी ले उड़े शातिर, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा की दूसरी मंजिल में गुरुवार देर रात चोरों ने तीमारदार के बैग से नकदी उड़ा ली। पीडि़त तीमारदार की ओर से घटना की शिकायत पत्र पुलिस सदर थाना चंबा और मेडिकल कालेज प्रबंधन को सौंप दी है। जानकारी के अनुसार उपमंडल चुराह के सेईकोठी क्षेत्र के व्यक्ति की पत्नी दूसरी मंजिल में उपचाराधीन है गुरुवार रात वह अपनी पत्नी के बिस्तर के पास जमीन पर ही सो गया था। देर रात किसी अज्ञात चोर ने बिस्तर के पास पड़े बैग पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने बैग को वार्ड से बाहर लाकर शौचालय के समीप फेंक दिया और उसमें रखा करीब छह हजार कैश निकाल लिया। देर रात तीमारदार को घटना की भनक लगी तो उसने तुरंत पुलिस थाने में पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीडि़त युवक की शिकायत के आधार पर जांच आरंभ कर दी है। उधर, मेडिकल कालेज चंबा के चिकित्सा अधीक्षक डा. जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। इस मामले की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बहरहाल, गत देर रात चोर मेडिकल कालेज की दूसरी मंजिल से मरीज के तीमारदार के बैग चुराकर छह हजार रुपए की नकदी ले उड़े। पुलिस व मेडिकल कालेज प्रबंधन अपने-अपने स्तर पर चोरी की इस घटना की जांच में जुटे हुए हैं।
