Himachal Pradesh

दो लाख लेते धरा फेसबुकिया पत्रकार, स्टेट विजिलेंस ने ब्लैकमेल करने के आरोप में पकड़ा तथाकथित रिपोर्टर

Spread the love

पालमपुर में स्टेट विजिलेंस ने ब्लैकमेल करने के आरोप में पकड़ा तथाकथित रिपोर्टर
स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पालमपुर में एक फेसबुकिया पत्रकार को सोशल मीडिया से खबर हटाने की एवज में दो लाख रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पता चला है कि इस तथाकथित पत्रकार ने पैसों की मांग अपने चैनल से संबंधित व्यक्ति की खबर डिलीट करने के एवज में की थी। जानकारी के अनुसार ब्लॉगर ने खबर हटाने के लिए पहले 20 लाख रुपए और गाड़ी की मांग की थी और अंत में 12 लाख रुपए पर मामला तय हुआ था। शिकायतकर्ता भुवनेश सूद के अनुसार उक्त ब्लॉगर ने अपने चैनल पर एक खबर प्रसारित की थी, जिसमें बताया गया था कि भुवनेश सूद ने कोई जमीन की खरीद-फरोख्त में हेराफेरी की है। हालांकि भुवनेश सूद के अनुसार उनके नाम ऐसी कोई जमीन है ही नहीं, जिसका जिक्र खबर में किया गया था।
खबर से परेशान भुवनेश सूद ने इस संदर्भ में एसडीएम व डीएसपी पालमपुर के समक्ष भी अपना पक्ष रखा और अंतत: मामला विजिलेंस की जानकारी में लाया गया। ब्लॉगर जल्द से जल्द पैसा दिए जाने की मांग कर रहा था। जिसके चलते शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के बताए अनुसार उसको पैसे देने के लिए बुलाया। जब ब्लॉगर ने शिकायतकर्ता से दो लाख रुपए से भरा बैग लिया, उसी समय विजिलेंस की टीम ने पैसों के बैग के साथ रंगे हाथ दबोच लिया। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने जारी प्रेस बयान में बताया है कि चैनल संचालक अमीर चंद को खबर हटाने की एवज में मांगी गई राशि के दो लाख रुपए सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।