Himachal Pradesh

हिमाचल के दस जिलों में लू का अलर्ट, कई शहरों में पारा 40 डिग्री पार

Spread the love

हिमाचल में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी, कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार
हिमाचल में प्रचंड गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है तथा प्रदेशवासियों को दो दिन और गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। इस दौरान प्रदेश के 10 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोडक़र बाकी सभी जिलों में हीट वेव का अलर्ट मौसम विभाग ने बताया है। ऊना जिला में अगले दो दिन लू चलने का खतरा है। यही अलर्ट बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, के लिए भी है। शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए 12 जून को लू चलने का अलर्ट दिया गया है। बुधवार को भी राज्य के कई शहर 40 डिग्री से ऊपर रहे। ऊना जिला का तापमान सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसी तरह कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, सुंदरनगर का तापमान भी 40 डिग्री से ऊपर रहा है। हमीरपुर के नेरी का तापमान लगातार दूसरे दिन 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन भी यह क्रम जारी रहेगा और अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। पूर्वानुमान कहता है कि 14 से 16 जून के बीच में हिमाचल में मौसम बदलेगा और कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 14 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहुल-स्पीति जिलों में तेज तूफान के साथ बारिश हो सकती है। 15 और 16 जून को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके चलते 14 जून के बाद ही अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी।