Himachal Pradesh

पुलिस में भर्ती करवाने पर ठगी, सात आरोपी हिरासत में, पेपर लीक के फिलहाल संकेत नहीं

Spread the love

जवाली के दो शातिरों संग पांच उम्मीदवार भी शामिल, पेपर लीक के फिलहाल संकेत नहीं
हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा को पास करवाने के नाम पर अब ठगी का मामला सामने आया है। इस संदर्भ में पुलिस विभाग कांगड़ा के तहत पालमपुर में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनसे रविवार से ही इस मामले में पूछताछ जारी है। उक्त सात आरोपियों में पांच पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में बैठे थे, जिन्हें परीक्षा के दौरान ही पुलिस ने हिरासत में लिया था, जबकि पुलिस इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर जवाली के शातिरों को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि शुरुआती पुलिस जांच में पेपर लीक होने की कोई भी बात सामने नहीं आई है। बावजूद इसके पुलिस विभाग की ओर से हर पहलू व पैसों के लेन- देन के विषयों को भी जांचा जा रहा है। मामले में शामिल लोगों के लिंक कहां-कहां हैं, पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में संदेह के आधार पर कुछ युवकों को पुलिस द्वारा रविवार को डिटेन कर पूछताछ की गई थी। इस संदर्भ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पालमपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। गौर हो कि इससे पहले भी वर्ष 2018-19 के पुलिस भर्ती नकल मामले के गिरोह में भी ज्वाली के किगंपिन सहित बड़ी संख्या में शातिर शामिल थे।
एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस इंटेलिजेंस सोर्स से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में पास करवाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं और पैसों को वसूली कर रहे हैं। पुलिस ने संज्ञान लेकर कुछ लोगों से पूछताछ की। इस मामले में पुलिस थाना पालमपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।