Himachal Pradesh

ऊना में CM सुक्खू का ऐलान, हिमाचल में नशे के सौदागरों की अवैध संपत्तियां की जाएंगी ध्वस्त

Spread the love

ऊना में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ऐलान, खनन और चिट्टा माफिया को नहीं बख्शेंगे
अब देवभूमि हिमाचल में भी नशे के सौदागरों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जाएगा। यह ऐलान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऊना में अवैध खनन और चिट्टा माफिया पर बड़ा हमला करते हुए किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन व चिट्टा माफिया को लेकर कई सूचनाएं एंजेसियों से सरकार को प्राप्त हुई हैं। नशे के अवैध मामलों में चाहे कोई कर्मचारी हो या कोई अन्य हो, किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा। नशे के मामलों में पकड़े गए अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी सरकार जल्द ही बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने खुले मंच से खनन और चिट्टा माफिया को कुचलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस खुलेहाथ से ऐसे माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करे, जो आमजन को नशे के दलदल में धकेल रहे हैं। नशे को बढ़ावा देने वालों की प्रॉपटी जब्त होगी। वहीं चिट्टा माफिया को संरक्षण देने वालों को भी सलाखों के पीछे डाला जाएगा। हमने नशा माफिया के खिलाफ विधानसभा में सख्त कानून बनाया है। नशे के व्यापारियों और संरक्षणकर्ताओं पर भी कड़ा एक्शन होगा। मुख्यमंत्री ने नशे के खात्मे के लिए जनता से भी सहयोग की अपील की है। ऊना में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण के उपरांत डिग्री कालेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बीते अढ़ाई वर्षांे के दौरान प्राकृतिक व राजनीतिक आपदाओं से निपटते हुए राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा करते हुए जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है।