पठानकोट चंबा सड़क मार्ग पर ट्रक कार की टक्कर दो लोग गंभीर रूप से घायल
पठानकोट – चम्बा सड़क मार्ग पर बैली मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक कार से टकरा गया । इस टक्कर में कार में सवार दो लोगों को गहरी चोटें आई है । जानकारी के अनुसार डलहौजी सेना कैंप से कुछ लोग अपनी निजी कार नंबर यू पी – 15 – ए क्यू – 1835 में सवार होकर पंजाब की और गए हुए थे। लेकिन जब यह लोग शाम को डलहौजी के लिए बापिस आते समय बैली स्थिति काली माता मंदिर परिसर के सामने पहुंचे तो सामने से बनीखेत की और से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक नंबर पी बी – 07 – ए एल – 8086 ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के साथ साथ कार में सवार दो लोगों को भी गहरी चोट लगी । लेकिन गनीमत यह रही कि टक्कर के बाद कार पैराफीट की वजह से खाई में जाने से बच गई । नहीं तो किसी बड़ी घटना को अंजाम मिल सकता था । टक्कर लगने के बाद ट्रक चालक ने घटना स्थल पर रुकना गवारा नहीं समझा और ट्रक चालक मौके से ही फरार हो गया। लेकिन जब इस घटना की सूचना पुलिस चौकी बनीखेत को दी गई तो पुलिस द्बारा देरी न करते हुए इसकी सूचना पुलिस चेक पोस्ट तुनुहटट्टी को दी गई । करीब साढ़े सात बजे उक्त ट्रक को तुनुहटट्टी में रोक दिया गया । और कुछ समय बाद ट्रक चालक को ट्रक सहित पुलिस दल द्बारा बनीखेत ले जाया गया । और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार घायल हुए दो लोगों को उपचार के लिए डलहौजी स्थित मिल्ट्री अस्पताल ले जाया गया । वही डी एस पी डलहौजी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस बयान दर्जकर जाँच मे जुटी है।
