भरमौर में विकास के दावे हुए खोखले साबित खनी के एक घायल को पीठ पर पहुंचाया अस्पताल
उपमंडल की ग्राम पंचायत खणी में गिरकर घायल हुए एक ग्रामीण को मंगलवार को दो किलोमीटर पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा। जिसके बाद उसे वाहन के जरिए सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया गया। लिहाजा सड़क सुविधा से महरूम खणी पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांवों का दर्द फिर से छलक उठा है घटना मंगलवार की है जब दपौता गांव का प्रताप चंद अपने मकान से अचानक गिर पड़ा और घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे और उसे लहूलुहान अवस्था में पीठ पर उठाकर अस्पताल की ओर चल दिए। युवकों ने बताया कि गांव के लिए सड़क सुविधा न होने के चलते घायल ग्रामीण को दो किलोमीटर पैदल पीठ पर ऊठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा। जिसके बाद वाहन के जरिए ग्रामीण को उपचार हेतू अस्पताल पहुंचाया। युवाओं ने बताया कि गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की लंबे समय से कवायद चली हुई है, लेकिन अभी तक सकारात्मक नतीजा नहीं मिल पाया है। जिसके चलते ग्राम पंचायत खणी के गांव वाहलो, लामनौता, कनौता, दापौता, डुंडारका, गदौता आदि के ग्रामीणों को आजादी के सात दशकों से भी अधिक समय बाद सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि गांव में किसी के साथ दुर्घटना या फिर बिमार होने पर उसे पीठ पर उठाकर ही सड़क तक पहुंचाया जाता है। ग्रामीणों को रंज है कि बार बार मांग उठाने के बाद भी पंचायत के यह गांव सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए है। उनका कहना है कि चुनावों के वक्त दोनों प्रमुख दल गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का वायदा कर जाते है। लेकिन सता में आने के बाद वह भूल जाते है।
