मणिमहेश यात्रा पर निकले यात्रियों को बस सेवा न मिली तो शुरू हो गई प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
मणिमहेश यात्रा में पवित्र डल झील में आस्था की डुबकी लगाकर लौटे श्रद्वालुओं ने शनिवार को भरमौर स्थित न्यू बस अडडे पर बीच सडक खडे होकर ट्रैफिक रोक नारेबाजी शुरू कर दी। श्रद्वालुओं का आरोप था कि वह सुबह नौ बजे से बसों के इंतजार में है। लेकिन अडडे पर एक भी बस मौजूद नहीं है। जिस पर गुस्से में आए श्रद्वालुओं ने बस अडडे पर व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी आरंभ कर दी। बहरहाल मौके पर पहंुचे प्रशासन ने श्रद्वालुओं को समझाया और तब जाकर वह शांत हुए। दरअसल भरमौर मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सुंकू दी टपरी में ही बसों को रोका जा रहा था। चंूकि दोनों तरफ से बसों समेत अन्य वाहनों की आवाजाही होने के चलते यहां पर भयंकर जाम की स्थिति बन जाती है। लिहाजा मणिमहेश यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और यातायात व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए एक तरफ की बसों को कुछ समय के लिए रोका गया। उधर, मणिमहेश यात्रा में स्नान कर भरमौर पहंुचे यात्रियों ने समय पर बसें न मिलने की बात कहते हुए नारेबाजी कर दी और बीच सडक में खडे होकर ट्रैफिक भी रोक दिया। इस दौरान प्रशासन ने मौके पर पहंुच कर स्थिति को संभाला और वास्तुस्थिति से अवगत करवाया। तब जाकर श्रद्वालु शांत हुए।
