chamba

चंबा की नॉट ऑन मैप संस्था ने चलो चंबा अभियान के तहत मध्य प्रदेश में लगाई प्रदर्शनी

Spread the love

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चलो चंबा अभियान के तहत नॉट ऑन मैप संस्था की ओर से चंबा के उत्पादों को लेकर प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें चंबा की संस्कृति की झलक देखने को मिली। चलो चंबा अभियान के तहत नॉट आन मैप संस्था से जुड़े स्वयं सहायता समूहों उल्फत व पहचान, मोहम्मद रफी, लाल हुसैन, नूरबीबी, संस्था के सदस्यों सौरभ, नमिता, विकास तथा विशाल ने प्रदर्शनी में चंबा रुमाल, चंबा थाल, चंबा चुख सहित अन्य व्यंजन शामिल किए। प्रदर्शनी में पहुंचे लोग इन उत्पादों की ओर खिंचे चले आए तथा इनके बारे में जानकारी जुटाई। नॉट ऑन मैप संस्था की ओर से संस्थापक कुमार अनुभव ने लोगों को चंबा की संस्कृति से रूबरू करवाते हुए यहां के उत्पादों की खासियत के बारे में बताया।इस पर लोगों ने चंबा आने की इच्छा जाहिर करते हुए यहां की संस्कृति को करीब से जानने की बात कही। अनुभव ने कहा कि चलो चंबा अभियान को आगे बढ़ाते हुए संस्था के प्रयास लगातार जारी हैं। वहीं, नॉट आन मैप संस्था के सह संस्थापक मनुज शर्मा ने चलो चंबा अभियान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा चलो चंबा अभियान की शुरुआत की गई थी। नॉट ऑन मैप संस्था की ओर से इसे आगे बढ़ाते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से चंबा की संस्कृति व उत्पादों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसमें जिला के खास पर्यटन स्थलों को उजागर करने के साथ-साथ अनच्छुए पर्यटन स्थलों को भी उजागर किया जा रहा है, ताकि पर्यटकों की पहुंच उन सुंदर व प्रकृति की गोद में बसे पर्यटक स्थलों तक हो सके। ऐसा होने पर जहां पर्यटन बढ़ेगा, वहीं स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के साधन भी उत्पन्न होंगे। उन्होंने कहा कि संस्था जिम्मेदार पर्यटन को लेकर कार्य कर रहीहै। जिम्मेदार पर्यटन का मतलब यह है कि हमें अपने प्राकृतिक संसाधनों का हद से ज्यादा दोहन नहीं करना है। जितनी जरूरत है, उतना ही उपयोग होना चाहिए। नॉट अॉन मैप संस्था जिम्मेदार पर्यटन की दिशा में लगातार बेहतर कार्य करने का प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आर्थिकी सुदृड़ हो सके।