एकलव्य आदर्श विद्यालय भरमौर के बच्चों ने बंगलुरु में देश को दिखाई शिव नुवाले की झलक
राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय हिमाचल प्रदेश ने 14 मैडल हासिल किए है। इनमें चार गोल्ड, तीन सिल्वर और सात ब्रोंज मैडल शामिल है। ईएमआरएस के बच्चों के इस प्रदर्शन से प्रदेश भी गौवान्वित हो उठा है। ईएमआरएस के राज्य समन्वयक विपन शर्मा ने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन बंगलुरू स्थित ऑर्ट ऑफ लिविंग स्टेडियम में 31 अक्तबूर से 03 नबंवर तक हुआ। इस उत्सव में देश भर के 25 राज्यों के नौनिहालों ने हिस्सा लिया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय हिमाचल प्रदेश के राज्य समन्वयक विपन शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय उत्सव के कुल 30 इवेंटस में से 14 में हिमाचल प्रदेश के नौनिहालों ने क्रमश पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि जनजातीय क्षेत्र में चल रहे इन विद्यालयों के नौनिहालों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन राष्ट्रीय मंच पर कर देश भर में ओवर ऑल उपविजेता रहने का खिताब हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी विद्यार्थियों का प्रदेश में लौटने पर स्वागत कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के जरिए जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को मिले राष्ट्रीय स्तर के मंच पर इन्होंने अपने हुनर की चमक बिखेरी है। जिसके लिए अभिभावक और विद्यालयों में तैनात स्टॉफ के सदस्य बधाई के पात्र है।
