चोली पुल के पास छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ खडामुख होली सडक मार्ग…..
चोली ब्रिज टूटने के चलते होली मार्ग पर पांचवें दिन बुधवार को हल्के वाहनों की आरंभ हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने यहां पर वैकल्पिक सड़क का निर्माण कर हजारों की आबादी को यह राहत प्रदान की है।वहीं लूणा में भी अस्थाई पुली का निर्माण कर लोगों का पैदल आर पार होना शुरू हो गया है। बता दें कि शुक्रवार शाम को होली मार्ग पर स्थित चौली वैली ब्रिज टूट गया था। जबकि शनिवार मध्यरात्रि बाद लूणा पुल भूस्खलन की जद में आकर गिर गया था। जिसके चलते होली घाटी का संपर्क शैष विश्व से कट गया। लिहाजा प्रशासन ने यहां पर वैकल्पिक सड़क का निर्माण कर सबसे पहले हल्के वाहनों की आवाजाही आरंभ करने के प्रयास किए थे। लिहाजा सहायक अभियंता विशाल चौधरी ने भी रात-दिन मोर्चा संभाल कर टीम की मदद से वैकल्पिक मार्ग को तैयार कर दोपहर बाद हल्के वाहनों की आवाजाही आरंभ कर दी है। इधर, लूणा में भी एन एच प्रबंधन ने दिन रात कार्य कर लोगों की पैदल आवाजाही की राह आसान कर दी है। उधर, एडीएम भरमौर नरेंद्र चौहान ने कहा कि होली के लिए वैकल्पिक सड़क से हल्के वाहनों की आवाजाही आरंभ करवा दी है। जबकि लूणा में भी यात्रियों के लिए अस्थाई पुली से आवाजाही शुरू करवा दी है।
