होली के न्याग्रा का राजकुमार बना राष्ट्रीय संस्थान में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की होली तहसील के चुनहेड (नयाग्रां) से ताल्लुक रखने वाले डॉ राजकुमार की NCERT में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति से चंंबा जिले में खुशी की लहर है। राजकुमार की विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद NCERT जैसे देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति होना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। तो वहीं जनजातीय क्षेत्र भरमौर के अलावा विपरीत परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाले अन्य क्षेत्रों के युवाओं के लिए भी उनकी यह नियुक्ति किसी बड़ी प्रेरणा से कम नहीं है। राजकुमार एचपीयू के पीएचडी होल्डर है I यही नहीं चार अलग-अलग विषयों में मास्टर डिग्री हासिल करने के साथ-साथ सभी विषयों में यूजीसी नेट क्लीयर करने के अलावा राजकुमार एजुकेशन सब्जेक्ट में UGC JRF उत्तीर्ण करने वाले जनजातीय बहुल एरिया के पहले युवा हैं। अपने बेटे की उपलब्धि से गदगद वर्तमान में पपरोला में छोटी सी दुकानदारी करने वाले राजकुमार के पिता बजीर चंद और उनकी गृहिणी माता लीला देवी कहते हैं उनका बेटा बचपन से ही होशियार था I अब जब उनके बेटे की NCERTजैसे राष्ट्रीय संस्थान में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति हुई है तो काफी खुश हैं। राजकुमार की बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति से प्रसन्न उनके आसपड़ोस के लोग भी उनके घर पर बधाइयां देने पहुंच रहे हैं। बहरहाल हमारी ओर से भी डॉ राजकुमार की इस बड़ी उपलब्धि के हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
