Politics

भरोसे के लायक नहीं ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल में TMC की लिस्ट पर भडक़े कांग्रेस नेता अधीर रंजन

Spread the love

ट्राइबल टुडे न्यूज़
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी के ऊपर बड़ा हमला बोला है। अधीर रंजन ने कहा कि सभी 42 सीटों पर उम्मीदवार उताकर ममता बनर्जी ने साबित कर दिया है कि उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि इस लिस्ट के साथ ममता ने प्रधानमंत्री ऑफिस को संदेश भेज दिया है कि वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। अधीर रंजन का यह बयान टीएमसी के लोकसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद आया है।

गौरतलब है कि टीएमसी ने बहरामपुर से अधीर रंजन के खिलाफ पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि ममता बनर्जी की पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी थी। कई बार ऐसी खबरें आई थीं कि सीटों के बंटवारे पर बात बन सकती है, लेकिन हर बार बात बिगड़ गई। गौरतलब है कि टीएमसी ने रविवार को राज्य की सभी 42 लोकसभा सीट के लिए सूची जारी की।
ईडी-सीबीआई के छापों से डरकर छोड़ा गठबंधन
अधीर रंजन ने कहा कि अगर ममता बनर्जी यूसुफ पठान को सम्मानित ही करना चाहती थीं तो उन्हें राज्यसभा से भेज देतीं। या फिर वह गुजरात में यूसुफ पठान के लिए टिकट मांग सकती थीं। उन्होंने कहा कि ममता को डर है कि अगर वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनती हैं तो ईडी और सीबीआई के छापे पडऩे लगेंगे। इसलिए उन्होंने इस लिस्ट के जरिए पीएमओ को संदेश भेजा है कि मुझसे नाराज मत होइए। मैं भाजपा के खिलाफ बने गठबंधन के साथ नहीं हूं।