बागी विधायकों को जनता माफ नहीं करेगी, सोलन-दाड़लाघाट में जनसभा के दौरान बोले सीएम सुक्खू
ट्राइबल टुडे न्यूज़
कांग्रेस के छह बागी विधायकों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। नोट के बदले वोट देने वाले विधायक जब जनता दरबार में पुन: जाएंगे, तो जनता उन्हें सबक सिखाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने रविवार को सोलन व दाड़लाघाट में आयोजित जनसभाओं में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस तरह गडरिया भेड़ों को यहां-वहां ले जाता है, वैसा ही हाल कुछ इन विधायकों का भी है। इन्हें भी कभी पंचकूला, तो कभी कहीं ले जाया जा रहा है। अब इन्हें ऋषिकेश ले जाया गया है। शायद वहां ध्यान व योग के जरिए उन्हें अपनी गलती महसूस हो जाए। उपचुनाव में जब यह जनता के बीच जाएंगे, तो जनता उन्हें सबक सिखाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ये विधायक पंचकूला के एक फाइव स्टार होटल में रहे, तो 10 दिन में इनके ऊपर करीब 75 लाख रुपए खर्च आया है। उनका यह खर्च कौन वहन कर रहा है, यह जल्द ही जनता के सामने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके त्यागपत्र की अफवाहें फैलाई गई, लेकिन वह एक योद्धा हैं और जीवनभर संघर्ष के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। जब तक प्रदेश की अस्मिता पर बात नहीं आएगी, तब तक वह त्यागपत्र नहीं देंगे। सीएम ने कहा कि जब भी असत्य सत्य से टकराने की चेष्टा करता है, तो हमेशा जीत सत्य की ही होती है।
सियासी चुनौतियों से नहीं घबराएंगे ।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हम राजनीतिक चुनौतियों से घबराने वाले नहीं हैं। हम दृढ़ता से हर चुनौती का सामना करेंगे और वर्ष 2032 तक आत्मनिर्भर हिमाचल की परिकल्पना को साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के ध्येय के साथ कार्य कर रही है और सही नीतियों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा का मजबूती से सामना किया। इससे पूर्व उन्होंने सोलन व अर्की विधानसभा क्षेत्र में 186 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास व लोकर्पण किया। मुख्यमंत्री ने सोलन में पार्किंग व इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए 10-10 करोड़ रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
सोलन को 186 करोड़ के तोहफे
मुख्यमंत्री सुक्खू ने किए विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — सोलन
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को सोलन विधानसभा क्षेत्र में लोगों को लगभग 186 करोड़ रुपए लागत की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 7.37 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले ममलीग से कोट तक मार्ग के स्तरोन्यन, 6.02 करोड़ रुपए लागत के शारड़ाघाट से डवलोग तक मार्ग के स्तरोन्यन, 15.76 करोड़ रुपए लागत के वाकनाघाट से सुबाथू मार्ग तथा 7 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले डूमैहर से गंभर पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने 5.58 करोड़ रुपए लागत के पौघाट से पलाह मार्ग, 7.19 करोड़ रुपए के टिकरी टनांजी मार्ग, 29.30 करोड़ रुपए के सोलन से धरजा मार्ग के स्तरोन्यन कार्य की आधारशिला रखी। उन्होंने 9.60 करोड़ रुपए के चंबाघाट से सलूमणा मार्ग के स्तरोन्यन कार्य, 5.11 करोड़ रुपए लागत के मालगा कून मार्ग समीप बलेनी खड्ड, 5.60 करोड़ रुपए की लागत के बनने वाले मालगा से सैंज मार्ग की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने 5.25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले उपरला बडयोला से निचला बडयोला तक संपर्क मार्ग, 6.16 करोड़ रुपए लागत के लेहन कोटला से सुनु टिक्करी सेर चिराग संपर्क मार्ग, 5.56 करोड़ रुपए लागत के शमलेच-चिल्ला मार्ग के मेट्लिंग एवं टायरिंग कार्य, 12.22 करोड़ रुपए की लागत से लोक निर्माण विभाग के सोलन स्थित तृतीय वृत के अधीक्षण अभियता कार्यालय भवन और 1.35 करोड़ रुपए की लागत के राजकीय प्राथमिक पाठशाला भवन सलोगड़ा के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, ऊषा शर्मा, मुकेश शर्मा, रोशन ठाकुर, शिव कुमार, उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इन कार्यों का किया लोकार्पण
सीएम सुक्खू ने सात करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उप केंद्र सायरी, 1.19 करोड़ से निर्मित लोक निर्माण विभाग के सायरी स्थित विश्राम गृह, 3.49 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित महोग-मतिमू बशील मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने पुलिस थाना सायरी, 12.17 करोड़ रुपए के कृषि विभाग के उप-निदेशक कार्यालय भवन व आवासीय परिसर, 1.83 करोड़ रुपए के जाइका के अंतर्गत कृषक प्रशिक्षण केंद्र, 1.29 करोड़ रुपए लागत के राजस्व सदन सोलन, 1.10 करोड़ की स्ट्रीट वेंडर मार्केट सपरून और 32 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित औषधि परीक्षण प्रयोगशाला बद्दी का लोकार्पण किया।
