BharmourTribal

भरमौर के गांवों को अग्निकांड से बचाव के लिए करोडों के प्रोजेक्ट को मंजूरी, भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.जनक राज का है यह ड्रीम प्रोजेक्ट

Spread the love

ट्राइबल टुडे भरमौर:

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनजातीय क्षेत्र भरमौर के गांवों में आग की घटनाओं से जान-माल के नुक्सान के बचाव के लिए करोडों रूपयों के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। भरमौर के विधायक डा. जनक राज के निर्देशों पर जल शक्ति विभाग ने इसका प्र्रस्ताव तैयार किया था और मंजूरी के लिए आगे भेजा गया था। लिहाजा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति की मुहर लगाते हुए 23.14 करोड रूपयों की राशि इस प्रोजेक्ट के तहत स्वीकृत कर दी है। आरंभिक चरण में तहसील भरमौर, होली और मैहला विकास खंड के तहत आने वाली पंचायतों को इस कार्य हेतू चिंहित किया गया है।बता दें कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली गांवों में अधिकांश मकान लकडी के है। सर्दियों के सीजन में ग्रामीण पशुओं के लिए सूखी घास और लकडियां एकत्र करके रखते है। इसी के चलते हल्का सा शाॅट सर्किट होने की स्थिति में अग्निकांड हो जाते है और गांव में एक-दूसरे से मकान सटे होने के चलते कई मर्तबा भारी नुक्सान भी उठाना पडता है। हांलाकि क्षेत्र में कई गांव सडक सुविधा से नहीं जुड पाए है, तो कई गांवों के मुहाने तक ही सडक है। लिहाजा इसी स्थिति को देखते हुए पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. जनक राज ने गांवों में फायर फाईटिंग सिस्टम स्थापित करने हेतू जलशकित विभाग को एक विस्तृत परियोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत विस क्षेत्र के जिन गांवों के मुहाने तक सडक जाती है, वहां से लेकर गांव के भीतर तक फायर हाईडेंट लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। वहीं विधायक ने इसे अपना ड्रीम प्रोजेक्ट करार देते हुए विभाग को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए थे। पता चला है कि आपदा प्राधिकरण ने गांवों में फायर फाईटिंग सिस्टम स्थापित करने हेतू 23.14 करोड रूपयों की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके तहत होली तहसील के कुलेठ, होली, गरोला और इसकी आसपास की पंचायतों में फाईटिंग सिस्टम हेतू 7.05 करोड रूपए खर्च होंगे। इसी तरह विकास खंड मैहला की पंचायतों में इस सिस्टम को स्थापित करने के लिए 7.53 करोड की राशि मंजूर हुई है। इसके अलावा भरमौर तहसील के कुगती, खणी, ग्रीमा व भरमौर समेत इसके आसपास की पंचायतों के लिए 8.56 करोड रूपए की डीपीआर को आपदा प्रबंधन की ओर से हरी झंडी दी गई है। उधर, विधायक डा. जनक राज का कहना है कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 23.14 करोड रूपयों के प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांवों में आग की घटनाओं के होने की स्थिति में इस पर काबू पाने के लिए पुख्ता प्रबंध अभी तक नहीं है। लिहाजा इसी के चलते पूर्व में कई घटनाओं में क्षेत्र के गांवों में आग की घटनाओं के चलते भारी नुक्सान भी उठाना पडा है। उन्होंने कहा कि गांवों में फायर फाईटिंग सिस्टम स्थापित करना उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। लिहाजा परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जमीनी स्तर पर यह परियोजना मूर्तरूप लेगी।