Lok Sabha Elections: इस बार 80 नहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता ही घर से दे सकेंगे वोट
ट्राइबल टुडे
अब तक 80 वर्ष से अधिक के मतदाता घर से मतदान कर सकते थे, लेकिन अब 85 वर्ष से अधिक के मतदाता ही घर से वोट कर सकेंगे।
बुजुर्गों को घर से ही मतदान की सुविधा के नियम में इस बार केंद्रीय चुनाव आयोग ने बदलाव किया है। अब तक 80 वर्ष से अधिक के मतदाता घर से मतदान कर सकते थे, लेकिन अब 85 वर्ष से अधिक के मतदाता ही घर से वोट कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि प्रदेश में 80 से अधिक आयु वर्ग के एक लाख 9 हजार 813 मतदाता हैं। इनमें से उन्हीं मतदाताओं को घर से वोट डालने की सुविधा मिलेगी, जिनकी आयु 85 वर्ष से अधिक है।
ऐसे मतदाताओं को निर्वाचन कार्यालय में अनुरोध भेजना पड़ेगा। ऐसे वोटरों को बीएलओ से 12-डी फार्म भरवाना होगा। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से भी फॉर्म 12 डी डाउनलोड किया जा सकता है। अनुमति मिलने पर मतदानकर्मी उनके घर जाकर पोस्टल बैलेट के जरिये मतदान करवाएंगे। खास बात यह है कि घर से होने वाले मतदान की जानकारी संबंधित क्षेत्र के राजनीतिक दलों को भी दी जाती है, ताकि वह मतदान प्रक्रिया को देख सकें
2019 में मिली थी घर बैठे मतदान की सुविधा
80 साल से ऊपर के बुजुर्गों को घर बैठे मतदान करने की सुविधा 2019 में मिली थी। इसके बाद कई बुजुर्ग मतदाताओं ने सुविधा का लाभ लिया। हालांकि कुछ बुजुर्ग मतदाता खुद मतदान केंद्र जाकर वोट डालने को प्राथमिकता देते हैं।
