इस बार रिकॉर्ड बनाएगा निर्वाचन आयोग, ऑनलाइन शिकायतों का 100 मिनट में निपटारा करने का टारगेट
ट्राइबल टुडे
मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के साथ ऑनलाइन शिकायतों का 100 मिनट में निपटारा करने का टारगेट
निर्वाचन विभाग ने लोकसभा चुनाव में शिकायत निपटारे के रिकॉर्ड को कायम रखने का लक्ष्य तय किया है। निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन मिलने वाली सभी शिकायतों को निपटारे के लिए 100 मिनट का समय तय किया है, जबकि हिमाचल निर्वाचन विभाग ने विधानसभा चुनाव के दौरान मिली सभी शिकायतों को छह मिनट पहले 94 मिनट में निपटाने का रिकॉर्ड बनाया था। अब मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के साथ लोकसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन विभाग इस रिकॉर्ड को कायम रखने की तैयारी में है। इसके मद्देनजर सभी अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 1000 शिकायतें निर्वाचन विभाग के पास पहुंची थीं। इन शिकायतों का निपटारा विभाग ने तत्काल किया था। लोकसभा चुनाव में भी विभाग 94 मिनट के रिकॉर्ड को कायम रखता है, तो देश भर में हिमाचल के खाते में बड़ी उपलब्धि जुड़ जाएगी। राज्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि केंद्रीय मानकों के अनुसार समूचे देश में चुनाव से जुड़ी किसी भी ऑनलाइन शिकायत का निपटारा 100 मिनट में करने का पैमाना बनाया गया है।
विधानसभा चुनाव में राज्य निर्वाचन विभाग ने जो रिकॉर्ड बनाया था, उसे कायम रखना इस बार बड़ी चुनौती होगी, लेकिन विभाग लगातार प्रयासरत है। इस दिशा में अधिकारियों को प्रशिक्षण और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि निर्वाचन विभाग विधानसभा चुनाव के रिकॉर्ड में भी थोड़ा सुधार जरूर करेगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से जो भी शिकायतें मिलती हैं, उनका प्रारूप जानने के बाद ही निपटारा किया जाता है ।
