200 सीटें भी नहीं जीतेगी भाजपा, प्रियंक खडग़े का दावा …
मंत्री प्रियंक खडग़े का दावा, आरएसएस सर्वेक्षण में खुलासा
ट्राइबल टुडे
कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खरगे ने शनिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में 200 सीट भी नहीं जीत पाएगी। खरगे ने सूखा राहत मांगने के लिए केंद्र को प्रस्ताव सौंपने में राज्य सरकार की ओर से देरी किए जाने से जुड़े बयान को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शाह को ‘गलत सूचना मंत्री होना चाहिए था।’ कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार पार्टी (भाजपा) को इस बार 200 सीट भी नहीं मिलेंगी।
राज्य में, वे आठ सीट के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएंगे। वे कैसे जीतेंगे, जब (भाजपा में) 14-15 सीट पर आंतरिक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि वे (भाजपा के कुछ नेता) कह रहे हैं कि भाजपा (राज्य में) एक परिवार के कारण प्रदूषित है। वे कह रहे हैं कि वे भाजपा के मूल स्वरूप को फिर से कायम करना चाहते हैं। क्या हम (कांग्रेस) ऐसा कह रहे हैं। नहीं, वे (भाजपा के नेता) ऐसा बोल रहे हैं। वे यह भी दावा कर रहे हैं कि भाजपा में हिंदुत्ववादी नेताओं से अन्याय हो रहा है।
