चुराह:दराट से काटकर शरारती तत्वों कर दिए 800 मीटर लंबे सिंचाई पाइप के टुकड़े
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चुराह के बनियोट गांव की घटना, पीर पंजाल वाटर यूजर एसोसिएशन ने पुलिस में दी शिकायत
पुखथला और कल्हेई वार्ड के नौ गांवों में बिछाए जाने हैं पाइप, हर गांव में भंडारण टैंक भी बनेंगे
तीसा। डब्बू नाला से सिंचाई के लिए बिछाए गए करीब 800 मीटर लंबे रबर पाइप को शरारती तत्वों ने दराट से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर फेंक दिया है।
चुराह उपमंडल की गुवाड़ी पंचायत के बनियोट गांव की यह घटना है। मामले में शरारती तत्वों के खिलाफ तीसा थाने में शिकायत दी गई है। पाइप काटने की भनक लगते ही संबंधित कार्य करवा रहे ठेकेदार ने पीर पंजाल वाटर यूजर एसोसिएशन गुवाड़ी को इसकी सूचना दी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद तीसा थाने में शरारती तत्वों के खिलाफ शिकायत दी। उधर, शिकायत करने के बाद पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया है।
गुवाड़ी पंचायत में बागवानी और खेतीबाड़ी को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने उद्यान विभाग विकास सिंचाई परियोजना का क्रियान्वयन करते हुए क्लस्टर तैयार किए हैं। गुवाड़ी पंचायत के पुखथला और कल्हेई वार्ड के तहत नौ गांवों में सिंचाई पाइप बिछाए जाने हैं। हर गांव में 30 हजार क्षमता के भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे। उद्यान विभाग ने ठेकेदार को यह कार्य आवंटित किया है। यह कार्य प्रगति पर है। डब्बू नाला से बनियोट गांव के लिए ठेकेदार की ओर से सिंचाई के लिए बिछाए गए 800 मीटर लंबे पाइप के बीते मंगलवार को अज्ञात लोगों ने टुकडे-टुकड़े कर दिए हैं।
पीर पंजाल वाटर यूजर एसोसिएशन गुवाड़ी के अध्यक्ष बलदेव, सचिव हंसराज, सदस्यों में टेक चंद, हरिदयाल, नारदेई, भागदेई, हाकमदीन, रज्जाक मोहम्मद, जाकिर हुसैन और डोली देवी ने बताया कि मंगलवार को उद्यान पाइप को उखाड़ने के बाद काटकर फेंकने की सूचना संबंधित ठेकेदार ने दी। इसके बाद उन्होंने तीसा पुलिस में शिकायत दी गई है। मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
उधर, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने बताया कि मामले के बारे में जानकारी नहीं हैं। इस बारे में एसोसिएशन और संबंधित ठेकेदार ही कुछ कह सकते हैं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस थाना में इस बारे में शिकायत पहुंची है। पुलिस शिकायत के आधार पर अपने स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जुट गई है।
