Himachal PradeshPolitics

क्या हिमाचल की सियासत में सक्रिय होंगे अनुराग ठाकुर, पढ़ें पूरी खबर

Spread the love

केंद्र में मंत्री पद न मिलने के बाद अब भाजपा कार्यकर्ताओं से मिल रहे सांसद

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर के बदले अंदाज कहीं भविष्य में हिमाचल की राजनीति में सक्रिय होने के संकेत तो नहीं हैं। बुधवार को सोलन में उनकी बातचीत की शैली तो पुराने पैटर्न पर थी, परंतु बदलती राजनीतिक फिज़ा में उनका अंदाज बदलता नजर आया। शिमला में भाजपा की कोर कमेटी में भाग लेने से पूर्व वह कुछ समय के लिए सोलन में रुके थे। उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर नपे-तुले अंदाज में दिए, परंतु बंद कमरे में जब वह भाजपा के कार्यकर्ताओं से मिले, तो उनके भाषण के फोकस का दायरा सोलन के साथ-साथ पूरे हिमाचल के कार्यकर्ताओं तक जा पहुंचा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोकसभा की सीटों को भाजपा की झोली में डालने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता ने कड़ी मेहनत की है।
अमूमन सांसद अनुराग ठाकुर जहां भी जाते हैं, वहां के स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में अपनेपन का एहसास करवाते हैं, लेकिन यकायक केंद्र की राजनीति के परिवर्तित होते परिदृश्य में उन्होंने पूरे हिमाचल के कार्यकर्ताओं को साधने का परोक्ष बाण छोडक़र कुछ न कुछ अपनी भावी आंतरिक भावना के संकेत अवश्य दिए हैं। सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार नेतृत्व का हवाला देते हुए प्रदेश के दिग्गज नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वह एक वरिष्ठ नेता हैं तथा उन्हें प्रधानमंत्री ने दो अहम विभागों का दायित्व दिया है।