बिजली कर्मचारियों ने मांगी पुरानी पेंशन, यूनियन ने सीएम सुक्खू को ज्ञापन सौंप मांगी राहत
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ओल्ड पेंशन लागू करने का आह्वान किया है। यूनियन का कहना है कि मौजूदा समय में 6121 कर्मचारी ऐसे हैं, जो ओल्ड पेंशन के दायरे में आते हैं। बिजली बोर्ड कर्मचारियों का सालाना एनपीएस शेयर 46.23 करोड़ रुपए है। इन कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन लागू की जाती है, तो इसका कुल खर्च सात करोड़ 61 लाख रुपए आएगा। बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के महासचिव हीरा लाल वर्मा ने बताया कि इस बारे में पूरी जानकारी पहले ही राज्य सरकार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दूसरे सभी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन को लागू किया जा चुका है, जबकि बिजली बोर्ड कर्मचारियों को इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है।
बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने अभी तक ओल्ड पेंशन को लेकर प्रदेश में किसी भी तरह का कोई आंदोलन नहीं छेड़ा है। लगातार राज्य सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन की ओर से मिल रहे आश्वासन के बाद बिजली बोर्ड कर्मचारी फैसले का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से इस तरह का कोई भी फैसला नहीं लिया गया। बिजली बोर्ड कर्मचारी लगातार बोर्ड प्रबंधन, सचिवालय और मुख्यमंत्री के संपर्क में रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भी कई मंचों पर बिजली बोर्ड कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन देने की बात खुले मन से कह चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया जा सका है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड कर्मचारियों के संबंध में जल्द से जल्द फैसला लिया जाए, ताकि ओल्ड पेंशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिल सके।
