Himachal PradeshPolitics

अढ़ाई लाख मतदाता डेढ़ साल बाद दोबारा चुनेंगे अपना विधायक

Spread the love

हमीरपुर-देहरा-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आज से नामांकन, 10 जुलाई को मतदान

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे — शिमला

हिमाचल में उपचुनाव वाली तीनों सीटों पर शुक्रवार से नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा। नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों को सात दिन का समय मिलेगा। निर्वाचन विभाग ने तीनों सीटों पर नामांकन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीनों विधानसभा सीटों पर दो लाख 55 हजार 897 मतदाता पंजीकृत हैं। लोकसभा चुनाव में तीनों सीटों पर औसत मतदान करीब 68 प्रतिशत रहा है। विधानसभा उपचुनाव में सबसे ज्यादा मतदाता नालागढ़ में पंजीकृत हैं। नालागढ़ में 94 हजार 715 कुल मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 67 हजार 381 मतदाता इस बार पोलिंग बूथ तक पहुंचे थे। मतदाताओं के पंजीकरण के मामले में देहरा विधानसभा क्षेत्र दूसरे स्थान पर है। यहां 83 हजार 613 मतदाता हैं।
इनमें 54 हजार 996 ने लोकसभा में मताधिकार का इस्तेमाल किया था। हमीरपुर में 77 हजार 868 मतदाता हैं। इनमें से 54178 मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इन तीनों ही सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय विधायक बने थे। तीनों सीटों पर कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर खिसक गई थी। भाजपा इस बार निर्दलीय विधायकों पर भरोसा जता रही है। हालांकि टिकटों पर अंतिम मंजूरी भाजपा हाईकमान देगी, लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस में अभी तक तीनों सीटों पर कोई फैसला नहीं हो पाया है।
21 तक भरे जाएंगे परचे
हमीरपुर, देहरा और नालागढ़ में उपचुनाव के शेड्यूल के अनुसार 14 जून को अधिसूचना जारी होगी और 21 जून तक नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन रहेगा। 24 जून को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 26 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। तीन सीटों पर 10 जुलाई को वोट डाले जाएंगे, जबकि 13 जुलाई को परिणाम घोषित हो जाएंगे।
उपचुनाव की तैयारियां पूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा है कि उपचुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए निर्वाचन विभाग समय-समय पर दिशानिर्देश जारी करेगा। सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और समर्थकों को निष्पक्ष और शांतिमय चुनाव पूरे करवाने के लिए निर्वाचन विभाग का सहयोग करना होगा।
विधानसभा चुनाव-2022 का परिणाम
नालागढ़
पार्टी उम्मीदवार वोट मत प्रतिशत
निर्दलीय केएल ठाकुर 33427 44.51
कांग्रेस बावा हरदीप 20163 26.85
भाजपा लखविंदर राणा 7273 23.00
हमीरपुर
निर्दलीय आशीष शर्मा 25916 47.09
कांग्रेस डा. पुष्पिंद्र वर्मा 13017 23.65
भाजपा नरेंद्र ठाकुर 12794 23.25
देहरा
निर्दलीय होशियार सिंह 22997 37.96
कांग्रेस डा. राजेश शर्मा 19120 31.56
भाजपा रमेश चंद 16730 27.62