दस जिलों में लू की संभावना, मौसम विभाग का अलर्ट, दस शहरों में 40 डिग्री पार तापमान
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे — शिमला
मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों के दौरान 10 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार सिरमौर, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, ऊना में कुछ स्थानों पर लू चल सकती है। इस दौरान एक या दो स्थानों पर भीषण लू की संभावना रहेगी। मौसम विभाग ने 16 जून तक इन सभी जिलों में लू जारी रहने की बात कही है। इससे पूर्व 15 जून तक प्री-मानसून के हिमाचल पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। अब इस नए अलर्ट के बाद प्री मानसून दो-तीन दिन आगे खिसक सकता है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश के 10 क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। प्रचंड गर्मी से मैदानी इलाकों में दिन के समय बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है।
शिमला समेत अन्य पर्यटक स्थलों का तापमान भी तेजी से बढ़ा है और इसकी वजह से बाहरी राज्यों से घूमने आए पर्यटक दिन में होटलों में दुबक रहे हैं। शिमला का तापमान एक बार फिर रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। गुरुवार को शिमला में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस सीजन में शिमला में दूसरी बार पारा 30 डिग्री तक पहुंचा है। मौसम विभाग ने 18 और 19 जून को भी कुछ भागों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
कहां, कितना अधिकतम तापमान
नेरी में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान, ऊना में 44.6, धौलाकुआं 43.2, बिलासपुर 43.1, हमीरपुर 42.5, कांगड़ा 41.8, सुंदरनगर 41.3, मंडी 40.8, चंबा 40.9, बरठीं 41.3, बजौरा 38.5, भुंतर 38.5, नाहन 39.9, सोलन 36.0, धर्मशाला 37.0, शिमला 30.6 व मनाली 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
