chambaHimachal Pradesh

एक्शन…एएसआई मर्डर केस में तीन और गिरफ्तारियां

Spread the love

सलूणी के किहार में हुई थी हत्या, अदालत ने तीन के रिमांड पर भेजे आरोपी

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे सलूणी,

उपमंडल की ग्राम पंचायत किहार में आईबी के एएसआई की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन ओर लोगों को गिरफतार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई हत्या के मामले में नामजद मुख्य आरोपी और जांच के दौरान इन लोगों की संलिप्तता के आधार पर की है। शनिवार को आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि ग्यारह जून की देर शाम किहार में फास्ट फूड संचालक के साथ शराब का सेवन करते वक्त आईबी के एएसआई अरूण कुमार की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर गुस्साए फास्ट फूड संचालक राजकुमार उर्फ राजू ने अरूण कुमार के सिर पर लोहे की भारी-भरकम रॉड से वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना के अगले दिन पुलिस ने मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफतार कर रिमांड पर ले लिया था।

पुलिस रिमांड की अवधि में मुख्य आरोपी से हत्या के मामले से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पूछताछ से उजागर तथ्यों और लोगों से पूछताछ से हुए खुलासे के बाद आईबी के एएसआई की हत्या के मामले में किहार पंचायत के अनिल कुमार वासी गांव दिग्गी, प्रवीण कुमार व प्रभात मिन्हास दोनों वासी गांव अलस को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही अब आईबी के एएसआई की हत्या के मामले में आरोपियों की संख्या बढक़र चार पहुंच गई है। उधर, एसपी चंबा अभिषेक यादव ने आईबी के एएसआई की हत्या के आरोप में तीन ओर लोगों की गिरफ्ताारी होने की पुष्टि की है। मुख्य आरोपी से पूछताछ और जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर यह गिरफतारियां की गई है।