Manimahesh Yatra: अगस्त की इस तारीख से होगा मणिमहेश यात्रा का आगाज
11 सितंबर तक चलेगी यात्रा; भक्तों को मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं, तैयारियां शुरू
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
उत्तरी भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा इस बार 26 अगस्त से 11 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यात्रियों को स्वच्छ पेयजल, पार्किंग सुविधा, सडक़ों की मरम्मत, स्वास्थ्य व विद्युत सुविधा आदि मुहैया करवाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। मणिमहेश यात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में उपमंडल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सुरक्षित यात्रा मार्ग, वाहनों को पास देने वाले स्थान, सडक़ किनारे पार्किंग, स्वच्छ पेयजल व हड़सर से दोनों पैदल मार्गों के कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित तैयारियों के उचित प्रबंधों को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जाए। श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान उचित पेयजल आपूर्ति बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने संबंधित विभाग को निर्देश दिए। एसडीएम ने विद्युत बोर्ड को यात्रा के दौरान विद्युत आपूर्ति की उचित व्यवस्था करने को भी कहा।
लोक निर्माण विभाग को हड़सर से लेकर डल झील तक रास्ते में बैठने के लिए बैंच की सुविधा और रेन शेल्टर लगाने, राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 154-ए चंबा-भरमौर पर पैंच कार्य तय सीमा के भीतर करने, स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आयुर्वेद विभाग व स्वास्थ्य कर्मियों के साथ एनजीओ के लोगों को भी शामिल कर कैंप लगाने की कार्यनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों को श्री मणिमहेश यात्रा के सफल आयोजन के लिए सहयोग करने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर तहसीलदार भरमौर तेजराम, होली अजय कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विशाल चौधरी, जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल, विद्युत बोर्ड संतोष कुमार, सहायक निदेशक पशुपालन विभाग राकेश भंगालिया, खंड चिकित्सा अधिकारी शुभम भंडारी, आयुष विभाग सुखविंदर सिंह, भरमौर पंचायत के प्रधान अनिल कुमार, प्रधान सचुंई संजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
