National

नेपाल में दो बसें नदी में गिरीं, सात भारतीयों की मौत

Spread the love

लैंडस्लाइड के चलते हादसा, 50 से ज्यादा लापता, 65 थे सवार

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

नेपाल में भारी बारिश के बीच शुक्रवार तडक़े एक हाई-वे पर लैंडस्लाइड के चलते दो बसें त्रिशुली नदी में गिर गईं। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक, दोनों बसों में चालकों समेत 65 लोग सवार थे। हादसे में सात भारतीयों और एक बस चालक की मौत हुई। 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। नेपाली मीडिया हाउस काठमांडू पोस्ट के मुताबिक एक बस के ड्राइवर की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि दो लोगों ने बस से कूद कर जान बचाई। हादसा सेंट्रल नेपाल में मदन-अश्रित हाईवे पर सुबह करीब तीन बजकर 30 मिनट पर हुआ। लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के चलते सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।

चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव ने बताया कि लैंडस्लाइड के चलते नदी में गिरने वाली एक बस वीरगंज से काठमांडू जा रही थी। इसमें 24 लोग सवार थे। दूसरी बस में 41 लोग सफर कर रहे थे, जो काठमांडू से रौतहट जिला के गौर जा रही थी। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि नारायणगढ़-मुग्लिन रोड स्टेशन पर लैंडस्लाइड से बसों के बह जाने से लगभग पांच दर्जन यात्रियों के लापता होने की रिपोर्ट से मुझे काफी दुख हुआ है। मैं सरकार की सभी एजेंसियों को यात्रियों की खोज करने और उन्हें सही सलामत बचाने का निर्देश देता हूं।