9000 हेक्टेयर जमीन को जंगल बनाने का टारगेट
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
वन विभाग एक हेक्टेयर में रोपेगा 800 से 1100 पौधे, 23 जुलाई को बनखंडी से होगी राज्य स्तरीय वन महोत्सव की शुरुआत
हिमाचल में खाली और बंजर जमीन को दोबारा वन भूमि में तबदील करने का लक्ष्य वन विभाग ने तय किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगामी तीन महीने तक विभाग कर्मचारियों, संस्थाओं और स्थानीय लोगों की मदद से पौधरोपण अभियान की शुरुआत करेगा। हिमाचल में इस बार वन विभाग 9000 हेक्टेयर में पौधारोपण करने का टारगेट तय किया है। विभाग ने पौधों के हिसाब से हेक्टेयर को बांट लिया है। इसमें एक हेक्टेयर में लंबे पौधे लगाए जाते हैं, तो उनकी संख्या 800 के करीब रहेगी, जबकि बड़े पौधे लगाए जाते हैं, तो यह संख्या 1100 पौधे प्रति हेक्टेयर रहेंगे। इस बार समूचे सीजन के दौरान एक करोड़ पौधे रोपे जाने की संभावना है। इस बार अग्निकांड में जंगलों को भारी नुकसान हुआ है।
26535 हेक्टेयर वन क्षेत्र जून के आखिरी महीने तक राख हो चुका है। अब इनमें से 9000 हेक्टेयर क्षेत्र में वन विभाग पौधरोपण कर वनों को फिर से हरा-भरा करने का प्रयास शुरू कर दिया है। प्रदेश में राज्य स्तरीय पौधरोपण अभियान की शुरुआत बनखंडी से होगी। 23 जुलाई को वन विभाग प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत करेगा। वन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि 23 जुलाई से वन महोत्सव की शुरूआत हो जाएगी। इसके बाद वन विभाग तय लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण अभियान में जुटेगा।
राज्य में 26535 हेक्टेयर जंगल आग के हवाले
अप्रैल से 27 जून तक करीब नौ करोड़ रुपए के जंगल स्वाह हुए हैं। इस अवधि में 26535 हेक्टेयर क्षेत्र में जंगल अग्निकांड की भेंट चढ़े हैं। इस बार 4941.285 हेक्टेयर की नर्सरी में पनप रहे पौधे भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गए हैं। अग्निकांड के सबसे ज्यादा मामले धर्मशाला सर्किल में पेश आए हैं।
