हिमाचल को रेलवे के विस्तार के लिए मिलेंगे 2698 करोड़
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले, 25 गुना बढ़ाया पहाड़ी प्रदेश को आबंट
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को केंद्रीय बजट 2024-25 में राज्यों को रेलवे विस्तार के लिए किए गए आबंटन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2.62 लाख करोड़ के रेल बजट में हिमाचल प्रदेश को 2,698 करोड़ रुपए की राशि का आबंटन किया गया है। इसके अलावा यूपी को 19848 करोड़, उत्तराखंड को 5131 करोड़, जम्मू-कश्मीर को 3694 करोड़, दिल्ली को 2582 करोड़ और राजस्थान को 9959 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे के बजट में पहाड़ी राज्य हिमाचल को अधिमान दिया गया है। यूपीए की सरकार में जहां महज 108 करोड़ रुपए प्रदेश को मिलते थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसमें करीब 25 गुना की बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-लेह योजना समेत अन्य रेल लाइनों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। हिमालयन क्षेत्र में रेलवे विस्तार एक चुनौती है। इसको देखते हुए केंद्र सरकार यहां पर सुरक्षित रेलवे विस्तार पर ध्यान दे रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना-2024 के अंतर्गत प्रदेश के चार रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए स्तरोन्नत किया जा रहा है। इसमें ऐतिहासिक शिमला रेलवे स्टेशन के अलावा अंब-इंदौरा, बैजनाथ-पपरोला और पालमपुर रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया है। 300 करोड़ रुपए का बजट चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन के लिए रखा गया है।
इन चार रेलवे स्टेशनों का किया जाएगा कायाकल्प
शिमला, अंब-इंदौरा, बैजनाथ-पपरोला और पालमपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना-2024 के अतंर्गत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
