अमरनाथ यात्रा स्थगित, कश्मीरी नेता नजरबंद
जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के खात्मे के पांच साल पूरे, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 के प्रावधान हटाए जाने के सोमवार को पांच बरस पूरे हो गए। इस अवसर पर भाजपा की ओर से जहां जम्मू-कश्मीर सहित देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं कश्मीरी नेताओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। इस बीच, सोमवार के लिए अमरनाथ यात्रा भी स्थगित कर दी गई है और श्रद्धालुओं का कोई जत्था सोमवार को यात्रा मार्ग पर रवाना नहीं हुआ। पीपुल्स डेमोके्रटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को दावा किया कि उन्हें घर में नजरबंद रखा गया तथा उनकी पार्टी के कार्यालय को बंद कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अल्ताफ बुखारी के नेतृत्व वाली ‘अपनी पार्टी’ के कार्यालय को भी ऐहतियाती कदम के तौर पर सोमवार को बंद कर दिया गया। नेशनल कान्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने दावा किया कि उन्हें घर में नजरबंद किया गया। वहीं पूरी एहतियात बरतते हुए केंद्र-शासित प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया। बता दें कि केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद-370 को समाप्त कर दिया था।
जेएंडके-लद्दाख की आकांक्षाएं पूरा करेगी सरकार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख के लोगों को विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार उनके लिए काम करती रहेगी और आने वाले समय में उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि देश की संसद द्वारा पांच साल पहले आज ही के दिन संविधान के अनुच्छेद 370 और 35 (ए) को निरस्त कर दिया गया था, जो हमारे देश के इतिहास में एक ‘ऐतिहासिक क्षण’ था। उन्होंने कहा कि यह जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख में प्रगति और समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत थी।
