जम्मू-कश्मीर में पांच आतंकवादी गिरफ्तार
अनंतनाग में तीन और पुलवामा में दो दहशतगर्द अरेस्ट
राजौरी, अखनूर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने सोमवार को पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आतंकी अनंतनाग में, जबकि दो पुलवामा में पकड़े गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनंतनाग में सुरक्षा बलों के ज्वाइंट चेकिंग ऑपरेशन में तीनों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिले हैं। इसमें मैगजीन सहित एक पिस्तौल, गोलियां, ग्रेनेड, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) शामिल हैं। इसके अलावा पुलवामा के अवंतीपोरा से दो आतंकियों की गिरफ्तारी हुई है।
इनके पास से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद मिला है। वहीं राजौरी और अखनूर सेक्टर्स में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास घुसपैठ की कोशिश हुई, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठियों की संदिग्ध गतिविधि के बाद सेना ने रविवार रात डेढ़ बजे गोलीबारी की। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इससे पहले, सुंदरबनी-नौशेरा सेक्टर में भी रविवार आधी रात को संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी।
