National

12 राज्यसभा सीटों के लिए तीन सितंबर को होगा चुनाव

Spread the love

निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नौl राज्यों की खाली 12 राज्यसभा सीटों पर चुनावी कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 14 अगस्त को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। मतदान तीन सितंबर को संबंधित राज्यों की विधानसभाओं में सुबह नौ बजे से चार बजे तक होगा। उसी शाम पांच बजे से मतगणना होगी और रात तक नतीजे आ जाएंगे। चुनाव वाली 12 सीटों में असम, बिहार और महाराष्ट्र की दो-दो सीटें और हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, तेलंगाना और ओडिशा की एक-एक सीट शामिल है।

असम में कामाख्या प्रसाद ताशा और सर्वानंद सोनोवाल, बिहार में मीसा भारती और विवेक ठाकुर, हरियाणा के दीपेंद्र हुड्डा, मध्य प्रदेश के ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया, महाराष्ट्र से छत्रपति उदयन राजे भोसले, पीयूष वेदप्रकाश गोयल, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और त्रिपुरा से बिप्लब देव के लोकसभा सदस्य चुने जाने से खाली हुई सीट भरने के लिए ये चुनाव हो रहे हैं। तेलंगाना के केशवराव और ओडिशा की ममता मोहंता के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर चुनाव हो रहे हैं। नए चुनाव के बाद चुने जाने वाले सदस्य निवर्तमान सदस्यों के बाकी बचे कार्यकाल के लिए होंगे। यह कार्यकाल अगले साल यानी 2025 से 2028 के बीच हैं।