National

अनंतनाग में मुठभेड़, दो जवान शहीद, तीन घायल

Spread the love

कठुआ हमले में शामिल आतंकियों के चेहरे आए सामने

स्केच जारी, 20 लाख नकद इनाम की घोषणा

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अनंतनाग जिला में शनिवार को आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ में तीन लोग घायल भी हुए हैं। इनमें से एक सैनिक है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और आतंकवादियों के भागने के रास्तों को सील कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ शनिवार दोपहर अनंतनाग जिला के अनंतनाग जिले के कोकरनाग के अहलान इलाके में शुरू हुई। पुलिस और सुरक्षा बलों की एक टीम ने एक विशेष इनपुट पर अहलान में घेराबंदी व तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इससे मुठभेड़ शुरू हो गई। भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों की हताशा में अंधाधुंध और लापरवाही से की गई गोलीबारी के कारण दो जवान शहीद हो गए। एक जवान के साथ दो नागरिकों के भी घायल होने की सूचना है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। खबर लिखे जाने तक ऑपरेशन जारी था।

उधर, जम्मू और कश्मीर पुलिस ने शनिवार को चार आतंकवादियों के स्केच जारी किए, जिन्हें कठुआ जिला के ऊंचे इलाकों में ढोक (मिट्टी के घरों) में देखा गया था। पुलिस ने उनके बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है। कठुआ जिला में आठ जुलाई को माचेडी के सुदूर वन क्षेत्र में सेना के गश्ती दल पर आतंकवादियों द्वारा घातक हमला किया गया था। इस हमले में एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) सहित पांच सैनिक शहीद हो गए थे। व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद, पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े कश्मीर टाइगर्स के आतंकवादी अभी तक पकड़ में नहीं आ पाए हैं। वे पाकिस्तान से भारत में घुसपैठ कर आए थे। एक्स पर एक पोस्ट में, पुलिस ने चार आतंकवादियों के स्केच जारी किए। इन्हें आखिरी बार जिले के ऊपरी इलाकों में मल्हार, बानी और सोजधर जंगलों के ढोक में देखा गया था। कठुआ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि कार्रवाई योग्य सूचना के लिए प्रत्येक आतंकवादी पर पांच लाख का इनाम है। आतंकवादियों की विश्वसनीय सूचना देने वाले को भी उचित इनाम दिया जाएगा।