ऊना में पुल टूटा, रामपुर के तकलेच में बादल फटने से सड़क बही, पांच पंचायतों का कटा संपर्क
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
शिमला के रामपुर उपमंडल के डमराली क्षेत्र में शुक्रवार रात को बादल फटने से तकलेच-मझाली और रोहड़ू मार्ग पर यातायात ठप हो गया है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। शिमला के रामपुर उपमंडल के डमराली क्षेत्र में शुक्रवार रात को बादल फटने से तकलेच-मझाली और रोहड़ू मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। यहां करीब 30 मीटर सड़क कलवर्ट सहित बह गई है। इससे क्षेत्र की पांच पंचायतों का संपर्क कट गया। यहां सीजन शुरू होने से सेब से लदी दर्जनों गाड़ियां फंस गई हैं। उधर, शुक्रवार एवं शनिवार तड़के तक हुई भारी बारिश से आए पानी के उफान ने संतोषगढ़-ऊना मार्ग स्थित 40 साल पुराने रामपुर पुल की नींव हिला दी। तेज उफान के बीच 120 मीटर लंबे पुल के पिलर नंबर सात, स्लैब, प्रोटेक्शन वाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं
शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच धुंधी के समीप भूस्खलन के चलते मनाली-लेह मार्ग कई घंटों तक बंद रहा। इस बीच वाहनों को सोलंगनाला में रोक दिया गया। हालांकि सूचना मिलने के बाद सीमा सड़क संगठन की मशीनरी मौके पर मार्ग को बहाल करने में जुट गई। बंजार के जिभी के तुन गांव में बारिश से दो मंजिला मकान के दो कमरे ढह गए हैं। जिभी वाटरफॉल नाले में बाढ़ से जिभी-गाड़ागुशैणी सड़क बंद हो गई
