Himachal Pradesh

भाजपा विधायक की गिरफ्तारी पर अड़ी महिला कांग्रेस

Spread the love

विधानसभा का घेराव, विधायक हंसराज के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की अगवाई में मंगलवार को कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक के खिलाफ विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। इस मौके पर महिलाओं ने विधायक पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। महिला कांग्रेस ने चौड़ा मैदान से विधानसभा गेट तक रोष रैली निकाली और भाजपा विधायक सहित केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजभवन पहुंचकर राज्यपाल और डीजीपी से मुलाकात की है। महिला कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश देने का आह्वान किया है। इस मौके पर महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि भाजपा बूथ अध्यक्ष की बेटी ने भाजपा विधायक के खिलाफ शिकायत की और एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन पुलिस ने विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वे विधानसभा का घेराव करने पहुंची हैं।

अलका लांबा ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर के बाद भी विधायक हंसराज से पूछताछ नहीं की। भाजपा विधायक का फोन जब्त नहीं किया। लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस मांग करती है कि भाजपा विधायक के फोन जब्त किए कर फोरेंसिक जांच की जाए। अगर विधायक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। लांबा ने भाजपा विधायक को गिरफ्तार करने की मांग की है। अलका लांबा ने लडक़ी के एफआईआर वापस लेने पर कहा कि भाजपा बूथ अध्यक्ष की बेटी नौ अगस्त को भाजपा विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई, लेकिन पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और कई दिनों मामले को दबाकर रखा। उन्होंने कहा कि मामला मीडिया में आने के बाद भाजपा के आला नेताओं ने बेटी पर एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया।